विभागबकी टीम को महज 40-50 मृत मछलियों मिलना बताया, पानी को जांच के लिए भेजा पीएचई को
शिवपुरी। दिनारा जलाशय में हो रही मछलियों की मौत की घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने सहायक संचालक मत्स्य उद्योग को मौके पर निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए।
सहायक संचालक मत्स्य विभाग मनोज अग्रवाल ने बताया कि गत दिवस जलाशय का निरीक्षण किया गया तब मौके पर लगभग 40 से 50 मछलियां मृत पाई गई। मृत मछलियों में कुछ लाल चकते भी देखे गए जो संभवत किसी संक्रमण या पानी के प्रदूषण के कारण भी हो सकते हैं। ऑक्सीजन की कमी होने पर भी मछलियां जल्दी संक्रमण ग्रहण करती हैं।
उन्होंने बताया कि दिनारा जलाशय सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित 307 हेक्टेयर का एक बड़ा तालाब है जिसमें संक्रमण का रासायनिक उपचार किया जाना संभव नहीं है। पानी के सैंपल लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आदर्श मत्स्य सहकारी समिति आवास दिनारा के अध्यक्ष को भी निर्देशित किया गया है कि तालाब में किसी भी प्रकार का कोई भी रासायनिक उपचार न किया जाए। मृत और संक्रमित मछलियों का विक्रय भी नहीं किया जाए और साथ ही मृत मछलियों को तत्काल पानी से निकालकर जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर नमक के साथ दफनाया जाए, ताकि आगे संक्रमण न बड़े अन्यथा की स्थिति में समिति के मत्स्याखेट अधिकार पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।