पुलिस व प्रशासन ने मौके पर जाकर देखा, लोगों को बताया डरे नहीं, मौसम विभाग का बैलून है
शिवपुरी। जिले के पोहरी विधानसभा क्षेत्र में छर्च की डिगडौली नदी में शनिवार को एक सफेद रंग की बड़ी चीज आकर गिरी। जिसे देखकर स्थानीय लोग दहशतज़दा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमों ने पहुंचकर देखा और लोगों को बताया कि यह तो मौसम विभाग का बैलून है।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी घटना के बाद से भारत पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव में युद्ध की चर्चाएं भी चल रही हैं। ऐसे में यदि आकाश से कुछ गिरता है, तो लोग दहशतज़दा हो जाते है। इन हालातों के बीच आज दोपहर पोहरी के छर्च ग्राम में डिगडोली की नदी में एक बड़ी सफेद चीज आकर गिरी। नदी में इस सफेद बड़ी चीज को देखकर आसपास के लोग ना केवल डर गए, बल्कि नदी के पास से दूर हो गए। किसी अनहोनी की आशंका के चलते आनन्-फानना में पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा, तो नदी में एक सफेद बैलून तेर रहा था, जिसमें कुछ महीन आदि लगी थी।
जब इस सफेद चीज को नदी से बाहर निकाला, तो पता चला कि मौसम विभाग द्वारा उड़ाया जाने वाला यह बैलून था, जिसमें मौसम विभाग से संबंधित जानकारी देने वाली मशीनरी सेट करके उसे उड़ाया जाता है। इस बैलून के माध्यम से ही मौसम विभाग अपडेट होता रहता है। बाद में जब लोगों को यकीन हो गया कि यह मौसम विभाग का बैलून था, तब उन्होंने राहत की सांस ली।
